बलरामपुर। बलरामपुर एमएलके पीजी कालेज के हॉकी मैदान में राष्ट्रीय हॉकी महाकुंभ का शुभारंभ मंगलवार को होगा। महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में देश भर की 14 नामचीन टीमें खिताबी मुकाबले के लिए भिड़ेंगी। इस प्रतियोगिता की खास बात यह होगी की एस्ट्रोटर्फ मैदान की जगह पूरी प्रतियोगिता प्राकृतिक घास के मैदान पर आयोजित होगी। इसका रंगारंग उद्घाटन बलरामपुर स्टेट के महाराज जयेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार सुबह 10.30 बजे करेंगे।
85 वर्ष पुराने इस टूर्नामेंट में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह बाबू, अशोक कुमार, सैय्यद अली, रूप सिंह और सुजीत कुमार सहित तमाम दिग्गज अपने खेल का खेल का जलवा बिखेर चुके हैं। आईएचएफ (हॉकी इंडिया) ने भी इस टूर्नामेंट को बी-ग्रेड का दर्जा दिया है। टूर्नामेंट में रेफरी, कोच व अन्य अधिकारियों की नियुक्ति भी आईएचएफ की तरफ से की गई है। इसमें विजेता टीम को 75 हजार तथा उप विजेता टीम को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार के साथ ट्राफी प्रदान की जाएगी।
टूर्नामेंट में अश्वनी स्पोटर्स अकादमी कर्नाटक, स्पोटर्स अथॉरिटी गुजरात, हॉकी अमरावती महराष्ट्र, जीएसटी एंड सेंटर एक्साइज चेन्नई, नागपुर हॉकी अकाडमी, एनई रेलवे गोरखपुर, स्टील एथॉरिटी ऑफ इंडिया राऊलकेला, यूपी पुलिस बाराबंकी, बिजनौर, सीआरपीएफ जालंधर, आईटीबीपी जालंधर, स्टार इलेवन बलरामपुर, स्पोटर्स एंड यूथ वेलफेयर बिलासपुर तथा तमिलनाडू हॉकी टीम प्रतिभाग करेगी।