बलरामपुर। देश-विदेश में इस समय जहां हॉकी के मैच एस्ट्रोटर्फ मैदान पर खेले जा रहे हैं वहीं बलरामपुर एमएलके पीजी कालेज स्थित घास के हॉकी मैदान पर शनिवार को महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट के मुकाबले शुरू होंगे। टूर्नामेंट में देश की 14 टीमें भाग ले रहीं हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन बलरामपुर स्टेट के महाराज जयेंद्र प्रताप सिंह शनिवार सुबह 10.30 बजे रंगारंग कार्यक्रमों के बीच करेंगे।
विदित हो कि एस्ट्रोटर्फ का जमाना शुरू होने के बाद घास के हॉकी मैदान देश में गिने-चुने बचे हैं। इनमें से एक एमएलके पीजी कॉलेज का हॉकी ग्राउंड शामिल है। महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह हॉकी टूर्नामेंट का इतिहास 84 वर्ष पुराना है।
इस टूर्नामेंट में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह बाबू, अशोक कुमार, सैय्यद अली, रूप सिंह और सुजीत कुमार जैसे ओलपिंयन हॉकी खिलाड़ी अपने खेल का जलवा दिखा चुके हैं। आईएचएफ ने इस टूर्नामेंट को बी-ग्रेड का दर्जा दिया है। टूर्नामेंट में रेफरी, कोच व अन्य अधिकारियों की नियुक्ति भी आईएचएफ द्वारा की जाती है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 61 हजार तथा उप विजेता टीम को 41 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
इस टूर्नामेंट में पंचवीर स्पोर्ट्स क्लब भिवानी, हॉकी उत्तराखंड, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे विलासपुर, हॉकी अमरावती, राजा करन सिंह हॉकी एकेडमी करनाल, हॉकी क्लब कपूरथला, भुसावल रेलवे अकेडमी, स्पोटर्स हॉस्टल एनआरएसए बरोढ़ा हाउस नई दिल्ली, मेकबरन सिंह कालेज करमपुर गोजीपुर, एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ, मेजर ध्यानचंद्र स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई इटावा, नेहरू स्टेडियम गाजीपुर, स्टार इलेवन बलरामपुर व एसएसबी लखनऊ की हॉकी टीम प्रतिभाग करेगी।
पांच दिनों तक चलने वाले टूर्नामेंट का फाइनल मैच 12 जनवरी को खेला जाएगा। आयोजन सचिव व कालेज के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने वाली टीमें भी बलरामपुर पहुंचने लगी हैं।