बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अचलपुर रूप गांव के तालाब में मां-बेटी का शव पाया गया है। मायके वालों ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। ससुरालीजनों ने हादसा बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की छानबीन कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक थाना रेहरा बाजार सुरेश सिंह ने सोमवार को बताया कि अचलपुर रूप गांव के तालाब में 26 वर्षीय विवाहिता नाजमा खातून व उसकी छह वर्षीय बेटी साबिरा का शव ग्रामीणों ने उतराता हुआ देखा जिसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका नाजमा खातून के पिता किरतापुर निवासी आशिक अली ने पुलिस को तहरीर देकर मां-बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
उधर मृतका के ससुरालीजनों ने पुलिस से बताया कि वह शौच के लिए गई थी और पैर फिसलने के कारण तालाब में गिर गई। डूबने के चलते मां-बेटी की मौत हो गई है। मृतका का पति मजदूरी के लिए सूरत में रहता है। मायके पक्ष की तहरीर पर मामले की छानबीन कराई जा रही है।