बलरामपुर। जिले में चल रहे मातृ वंदना सप्ताह को लेकर बलरामपुर ब्लाक में आशाओं की बैठक की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रचार प्रसार पर जोर देते हुए मातृ वंदना सप्ताह में अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं का फार्म भरवाने की बात कही गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया के अधीक्षक डॉ. जावेद ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना के तहत सरकार की तरफ से गर्भवती व धात्री महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य व पोषण के लिए तीन किश्तों में पांच हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं।
पहली किश्त गर्भधारण के बाद पंजीकरण का फार्म भरने पर दिया जाता है। दूसरी किश्त छह माह बाद एवं तीसरी किश्त नवजात के पहले चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर लाभार्थी के खाते में डाला जाता है।
उन्होंने सभी आशाओं से मातृ वंदना सप्ताह में अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक भरवाने का आह्वान किया। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जिला कार्यक्रम सहायक पुनीत मणि त्रिपाठी सहित अस्पताल के सभी डाक्टर, कर्मचारी व आशा मौजूद रहे।