फोटो-5-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम श्रुति।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। बाल विकास व पुष्टाहार विभाग में संचालित योजनाओं की शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की गई। कुपोषित बच्चों की तलाश में सीडीपीओ को कोताही न बरतने का निर्देश दिया गया।
डीएम श्रुति ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिले के सभी 10 बाल विकास परियोजनाओं पर तैनात सीडीपीओ अभियान चलाकर कुपोषित बच्चों की तलाश कराएं। कुपोषण की पहचान होने के बाद विभाग की तरफ से दी जाने वाली मदद बच्चों को मुहैया कराएं। डीएम ने ब्लॉकवार कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों के चिन्हांकन की गहन समीक्षा की और सभी सीडीपीओ को लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया।
डीपीओ व सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्रों, वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। बाल विकास व पुष्टाहार विभाग में पंजीकृत बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को नियमित पोषाहार का वितरण कराने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को हैंडओवर कराने की भी समीक्षा की गई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय के अंदर आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराकर हैंडओवर कराने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ रिया केजरीवाल, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा, सीडीपीओ सत्येन्द्र सिंह, प्रियंका दूबे व गरिमा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं। (संवाद)