बलरामपुर। वरासत को विवादित करने के आरोप में उतरौला तहसील के ऐलरा में तैनात लेखपाल नीलम को निलंबित कर दिया गया है। डीएम पवन अग्रवाल से ऐलरा निवासी शकुंतला की शिकायत पर जांच में पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई है। निलंबित लेखपाल को राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
डीएम ने सोमवार को बताया कि ऐलरा निवासी शकुंतला ने अपने पति की मृत्यु के बाद वरासत के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। लेखपाल नीलम ने बिना परीक्षण किए ही एक हत्या की घटना जोड़कर विवादित कर दिया। जबकि हत्या के मामले में शकुंतला का बेटा आरोपित था। यही नहीं रिपोर्ट दे दी कि शंकुतला गांव में रहती ही नहीं हैं।
बिना ठोस कारण के ही वरासत को विवादित कर तहसीलदार पोर्टल पर अग्रसारित कर दिया था। वरासत निर्गत करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। वरासत कार्य में लेखपाल की लापरवाही शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता व अनुशासनहीनता मानी जाएगी। तहसीलदार की रिपोर्ट पर डीएम ने लेखपाल को निलंबित करने का निर्देश दे दिया। (संवाद)