बलरामपुर। झाड़फूंक के चक्कर में बीमार मासूम ने अपनी जान गवां दी है। थाना महराजगंज तराई के रूपनगर गांव में फैली संक्रामक बीमारी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य टीम ग्रामीणों को जागरूक कर पीड़ित लोगों को दवाओं का वितरण कर रही है।
थाना महराजगंज तराई के रूपनगर निवासी मालिकराम ने शुक्रवार को बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी रोहिनी की अज्ञात बीमारी से मौत हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि मालिक राम के बेटी की मौत झाड़फूंक के चक्कर में हुई है। यदि समय से इलाज हो जाता तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 43 लोगों को दवाएं दी। पीएचसी महराजगंज तराई के चिकित्सक डा. रत्नेश वर्मा ने बताया कि बाढ़ व गंदगी के चलते संक्रामक बीमारी फैली हुुई है।
सभी लोग घरों के आस पास साफ सफाई रखें। उबला हुआ पानी पीएं, ताजे फल व भोजन का सेवन करें। दवाओं के वितरण में फार्मासिस्ट एनके उपाध्याय, अजीत कुमार, शकील व एएनएम सुमन आदि का सराहनीय योगदान रहा है। सीएचसी तुलसीपुर अधीक्षक डा. महेश गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम ने दवाओं का वितरण कराया है।