बलरामपुर। लोगों की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कोरोना संक्रमण का दायरा दिन प्रतिदिन बढ़ने लगा है इसके बावजूद लोग पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं। शॉपिंग माल हो या बाजार कहीं भी कोविड प्रोटोकाल का पालन होता नहीं दिख रहा है। बाजार में भारी भीड़ जुट रही है। बिना मास्क लगाए ही लोग बाजार में घूम रहे हैं। टीका लगवाने में भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
दिसंबर में जिले के अंदर जहां कोरोना का एक ही सक्रिय केस था, वहीं नये साल में सक्रिय केसों की संख्या 150 पार कर गई है। प्रतिदिन 20 से 25 कोरोना पॉजिटिव केस निकल रहे हैं। बीते रविवार को भी जिले में 25 कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए थे। कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ने के बावजूद लोगों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है।
हर जगह कोविड प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाई जा रही है। शापिंग माल हो या बाजार सभी जगह ग्राहकों की भारी भीड़ जुट रही है। लोग शारीरिक दूरी का पालन बिलकुल नहीं कर रहे हैं। 31 दिसंबर तक जिले में मात्र एक कोरोना का सक्रिय केस था। एक जनवरी से लेकर 16 जनवरी तक जिले में सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 156 हो गई है।
इस तरह 17 दिनों में कोरोना के 155 नये मरीज पाए गए हैं। हालांकि कोरोना संक्रमित मरीजों की स्थिति गंभीर नहीं है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इस बार अभी तक जिले में कोरोना संक्रमण से किसी की मौत भी नहीं हुई है।
इतना ही नहीं संक्रमण का खौफ अस्पतालों में भी नहीं दिख रहा है। मरीज हों या तीमारदार डाक्टर के कक्ष में घुसे रहते हैं। अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए ही एक दूसरे से सट कर खड़े हो जाते हैं। डाक्टर की तमाम हिदायतों के बावजूद मरीज व तीमारदार कक्ष से बाहर निकलने को तैयार नहीं होते हैं। दुकानों में भी ग्राहक शारीरिक दूरी का पालन नहीं करते हैं।
दुकानदार भी सामान बेचने की लालच में ग्राहकों से कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं कराते हैं। इतना ही नहीं अधिकांश दुकानों पर ग्राहकों के लिए सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं रहती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोरोना को लेकर लोगों की लापरवाही बंद न हुई तो इसका संक्रमण जल्द ही भयावह स्थिति में पहुंच जाएगा। हजारों की संख्या में लोग कोरोना संक्रमित हो जाएंगे।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर बढ़ने लगा है। सैकड़ों लोग कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं। कोरोना को लेकर लापरवाही कदापि न बरतें। खुद सजग रहते हुए आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें, बेवजह भीड़ का हिस्सा न बनें। घर से निकलने पर मास्क अवश्य लगाएं। समय-समय पर हाथों को सैनिटाइज करते रहें।