फोटो-21- बलरामपुर स्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय में बना कंट्रोल रूम। स्रोत विभाग
बलरामपुर। विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने एक अहम पहल करते हुए कंट्रोल रूम की स्थापना की है। अब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर, विद्युत आपूर्ति में बाधा, ब्रेकडाउन और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं की शिकायत सीधे कंट्रोल रूम में दर्ज करा सकेंगे।
अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कंट्रोल रूम को तीन पालियों में संचालित किया जा रहा है। सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक पहली पाली में अतुल श्रीवास्तव, दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक द्वितीय पाली में प्रभात सिंह एवं रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक तृतीय पाली में कृष्ण बहादुर तैनात रहेंगे। यह लोग बिजली उपभोक्ताओं की शिकायत सुनेंगे और समस्या का निस्तारण भी कराएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ता चाहें तो कार्यालय पहुंचकर भी अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया है कि बिजली की बचत करें और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।