बलरामपुर। समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सदर ब्लॉक के महादेव मिश्र में चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया। प्रस्तावित विद्यालय के निर्माण की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के लिए उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। अधिकारियों ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक संचालित होने वाले इस समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के निर्माण के लिए लगभग 24.94 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में धनराशि भी जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तावित विद्यालय में कुल 540 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी, जिसमें 50 प्रतिशत सीटें दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। प्रत्येक कक्षा में सीमित संख्या में छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा, ताकि उन्हें व्यक्तिगत ध्यान के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। विद्यालय परिसर को दिव्यांग अनुकूल बनाया जाएगा, जिसमें रैंप, विशेष शौचालय, ब्रेल सामग्री, श्रवण सहायता उपकरण, संसाधन कक्ष और प्रशिक्षित विशेष शिक्षकों की व्यवस्था होगी।
छात्रावास के साथ ही पुस्तकालय व अन्य सुविधाएं होंगी
दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्र और छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास भी बनाए जाएंगे। प्रत्येक छात्रावास में 50-50 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा होगी, जिससे आवासीय व्यवस्था के साथ नियमित अध्ययन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस विद्यालय के निर्माण से जनपद के दिव्यांग विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।