बलरामपुर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी ने मंगलवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्था मिली। बिना सूचना के गायब मिले डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अस्पताल में अव्यवस्था के संबंध में सीएमएस से भी जवाब तलब किया गया है।
सीएमओ सुशील कुमार मंगलवार को स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिला महिला अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जिला महिला अस्पताल के सर्जन डॉ. पीके मिश्रा अनुपस्थित मिले। महिला चिकित्साधिकारी डॉ. नगमा खान भी देर से अस्पताल पहुंची। सीएमओ ने महिला चिकित्साधिकारी को समय का विशेष ध्यान देने की बात कही। अस्पताल में चारों तरफ गंदगी व अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने सीएमएस डॉ. विनीता राय को नियमित साफ सफाई व स्वास्थ्य सुविधाओं को व्यवस्थित करने की हिदायत दी। इस दौरान सीएमओ ने अस्पताल में स्थापित सिक न्य बॉर्न केयर यूनिट का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश कुमार वर्मा शिशुओं की देखभाल करते हुए मिले। यूनिट के संबंध में जानकारी लेते हुए सीएमओ ने बाल रोग विशेषज्ञ के कार्यों की सराहना भी की। अस्पताल से गायब मिले डॉक्टर से सीएमओ ने स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।