बलरामपुर। बेटियों व महिलाओं को जागरूक करने का खाका तैयार कर लिया गया है। मिशन शक्ति 3.0 के तहत उतरौला ब्लॉक में सोमवार को बैठक कर रणनीति तैयार की गई है। रणनीति के आधार पर कार्य करके बेटियों व महिलाओं को जागरुक किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ उतरौला अनूप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान फेज 3.0 के तहत महिला कल्याण विभाग की तरफ से दिसंबर माह तक लगातार स्वावलंबन कैंप व जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे।
महिला कल्याण विभाग की मदद के लिए ब्लॉक स्तर से हर संभव सहयोग किया जाएगा। एडीओ पंचायत उतरौला सुशील कुमार ने कहा कि बेटियों व महिलाओं को जागरुक करने से समाज का उत्थान होगा।
सामाजिक उत्थान की दिशा में हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। महिला कल्याण अधिकारी रागिनी मिश्र व जिला समन्वयक राधिका मिश्रा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि घरेलू हिंसा से संबंधित महिलाओं को मदद दिलाने के लिए जागरूक करने का खाका तैयार किया गया है।
मौजूदा समय में अधिकतर महिलाएं घरेलू हिंसा से पीड़ित होती है जिसके लिए बार-बार शिकायत करती है। दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुलह-समझौता कराने का प्रयास किया जाता है।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग की तरफ से संयुक्त कार्य योजना के तहत गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। दिसंबर माह तक बेटियों से पहचान, नारी सम्मान थीम पर सभी गांव, ब्लॉक व जिले स्तर पर जन जागरूकता के कार्यक्रम कराए जाएंगे। बैठक में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उतरौला शबाना खातून व ब्लॉक मिशन मैनेजर अजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।