बलरामपुर। ग्राम पंचायतों को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। गांवों में पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए अमृत सरोवर, मिनी स्टेडियम व ओपन जिम के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमृत सरोवरों के चारों तरफ पौधारोपण कर तैयार हो रही ग्रीन फील्ड में लोगों के बैठने के पत्थर की सीट भी बनाई जा रही हैं।
सदर ब्लॉक के कलवारी गांव में मनरेगा के तहत अमृत सरोवर, खेल मैदान व ओपेन जिम का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही सभी सुविधाओं से लैस खेल मैदान भी यहां के लोगों के आकर्षण का केंद्र बना है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के टहलने व घूमने के लिए आने के कारण आस पास खान पान सामग्री की दुकानें भी खुलने लगी है। कलवारी गांव में बने अमृत सरोवर के चारों तरफ पौधारोपण, इंटरलाकिंग, पाथवे का निर्माण भी कराया गया है।
श्रम व रोजगार उपायुक्त सतीश कुमार पांडेय का कहना है कि मनरेगा योजना के तहत जिले की 793 ग्राम पंचायतों में से 561 में अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। फिरहाल 164 अमृत सरोवरों का निर्माण हो चुका है। 317 गांव में सरोवर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।