पश्चिमी उत्तर प्रदेश व बिहार से भी जुड़े हैं गो तस्करों के तार
पांच अन्य गो तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के गुलरिहा घाट के पास दो पिकअप से आठ गोवंश बरामद होने और पुलिस टीम पर हमला किए जाने की घटना के आठवें दिन पुलिस ने चार गो तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। गो तस्करों के खिलाफ तुलसीपुर थाने में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस को अभी भी पांच गो तस्करों की तलाश है। इन गो तस्करों के तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश व बिहार से जुड़े होना बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम पर हमले के मामले में तुलसीपुर थाने की पुलिस के साथ अन्य टीमें भी लगाई गई थीं। वाहनों के नंबरों की जांच के आधार पर छानबीन की गई। छानबीन के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल गो तस्कर बब्बू खां उर्फ निरहू व मुस्तकीम निवासी गदुरा जद्दापुर थाना तुलसीपुर तथा मोहम्मद शमीम व मजहर खां निवासी गुलहरिया घाट तुरकौलिया थाना तुलसीपुर जनपद बलरामपुर को कहारनडीह गांव के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गो तस्करों के पास से एक बाइक व चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए गो तस्करों के खिलाफ गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह था मामला
बीते एक सितंबर की रात में तुलसीपुर थाने की पुलिस ने सूचना मिलने पर गुलरिहा घाट के पास पिकअप पर गोवंश लादते समय गो तस्करों को घेरा तो गो तस्कर पिकअप लेकर भागने लगे। पीछा करने पर पिकअप चालक ने आरक्षी मनीष कुमार पर डंडे से वार करने के साथ ही पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में पिकअप सवार गो तस्कर वाहन छोड़कर भाग गए थे। दोनों पिकअप से भी आठ गोवंश बरामद हुए थे।
पांच अन्य की तलाश जारी
गोवंश के साथ बरामद की गई दोनों पिकअप के चालक जुबैर कुरैशी निवासी घेरमर्दाना खां रामपुर सिटी एवं वाहन स्वामी आरिफ अली निवासी रामपुर विलासपुर रोड रामपुर के साथ पांच अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इन गो तस्करों के तार बिहार व पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इसके लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।