बलरामपुर। उतरौला के पूर्व सपा विधायक व उनके परिजनों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। बीते दिनों सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े का केस दर्ज किया गया था। अब एसपी ने पूर्व विधायक तथा उनके भाई के चार शस्त्रों का लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
शुक्रवार को एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि बीते दिनों सादुल्लाहनगर तथा रेहरा बाजार थाने में पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी तथा उनके भाई मारूफ अनवर हाशमी सहित अन्य परिजनों पर धोखाधड़ी व लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
इन लोगों ने अपने रसूख का बेजा इस्तेमाल कर सरकारी जमीन अपने नाम करा लिया था। इन्हीं मुकदमों को आधार बनाकर पूर्व विधायक के एक रायफल व एक रिवाल्वर तथा उनके भाई की दो नाली बंदूक व एक रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी है। शीघ्र ही चारो शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।