मातृत्व अभियान में माताओं के सेहत को सुधारने की कवायद
नौ सितंबर से शुरु होने वाले अभियान को परवान चढ़ाने की तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। सीएमओ कार्यालय सभागार में बीते दिन प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान एवं मातृ मृत्यु कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इस दौरान दोनों कार्यक्रमों से संबंधित प्रगति और कमियों को स्लाइड के माध्यम से अभियान को सफल बनाने का जिम्मा सौंपा गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने कहा कि नौ सितंबर से शुरु होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ जुट जाएं। अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की जांच की जाए। मातृ-मृत्यु की शत-प्रतिशत रिर्पोटिंग सुनिश्चित की जाए। सभी केस का शत-प्रतिशत डेथ ऑडिट भी निर्धारित समय के अंदर पूर्ण किया जाए। बैठक में जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता एनएचएम विनोद कुमार त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान एवं मातृ मृत्यु कार्यक्रम से संबंधित प्रगति व कमियों को स्लाइड के माध्यम से प्रस्तुत किया। जिला महिला चिकित्सालय के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह ने मातृ मृत्यु के कारणों पर प्रकाश डाला। बैठक में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक सहित तमाम चिकित्सक मौजूद रहे।