बलरामपुर। जिले में प्रधानमंत्री का आना हम सभी के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने के लिए सभी का योगदान जरूरी है। कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी के जनप्रतिनिधि हों या कार्यकर्ता सभी लोग पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
यह बातें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई एवं प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने बुधवार को पार्टी कार्यालय अटल भवन में प्रधानमंत्री के रैली की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने रैली के लिए संगठन की तरफ से बनाए गए रैली सभा प्रमुख, पार्किंग प्रमुख, मंच व्यवस्था प्रमुख, वालेंटियर्स प्रमुख तथा आवास प्रमुख से विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कहा कि प्रधानमंत्री बलरामपुर की धरती पर सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण करने आ रहे हैं।
यह कार्यक्रम एतिहासिक होना चाहिए इसलिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझे और सही ढंग से उसका पालन करें। प्रदेश उपाध्यक्ष ने हेलिपैड एवं मंच व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। जिला प्रभारी त्रयंबक तिवारी ने जनप्रतिनिधियों से विधानसभा वार वाहनों की उपलब्धता की जानकारी ली और सभी को समय से रैली में पहुंचने को कहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पार्टी स्तर पर तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।