महदेइया बाजार (बलरामपुर)। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के 120 गांवों की बिजली शनिवार की रात आठ बजे से गुल हुई। तेज हवाओं से तार टूटने के चलते ठप हुई बिजली आपूर्ति रविवार शाम 3.30 बजे बहाल हो सकी। इससे करीब 50 हजार आबादी को 18 घंटे बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है। बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है।
क्षेत्रवासी राधेश्याम, रंजीत गुप्त, डॉ. नफीस, इलियास, रमेश जायसवाल, दिनेश, फहीम सिद्दीकी, राजू सैनी, शब्बीर अहमद, छोटकन कुरैशी व राकेश आदि ने आक्रोश जताते हुए कहा कि विद्युत उपकेंद्र श्रीदत्तगंज जिगना के गौर व शुक्लागंज फीडर से जुड़े 120 गांवों की बिजली शनिवार रात आठ बजे से ठप है। रविवार की शाम साढ़े तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। महदेइया बाजार, शुक्लागंज बाजार, बंगवा, पटियाला, मुजहनी, मुजहना, धोबहा व कोटिया सहित 120 गांवों की करीब 50 हजार आबादी को रात अंधेरे में काटनी पड़ी। विद्युत उपकेंद्र जिगना के जेई राम चरित्र ने बताया कि रात से ही तेज हवा चलने के कारण कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां लाइन पर गिर गई थी। इसी वजह से सप्लाई बाधित रही। पेड़ों के टहनियों की छंटाई कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
आधे शहर में भी तीन घंटे गुल रही बिजली
बलरामपुर। जिला मुख्यालय के आधे शहर की बिजली भी तीन घंटे गुल रही। रविवार को सुबह आठ बजे से सुबह 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। राकेश, राधे, संतोष व हीरा ने बताया कि नगर के मोहल्ला सिविल लाइन में पेड़ों के टहनियों की कटाई कराई गई, जिसके चलते बिजली कटौती की गई। मोहल्ला सिविल लाइन, अचलापुर, गोविंदबाग व पुरैनिया तालाब 12 वार्डाें में तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही है। अधिशासी अभियंता पॉवर कार्पोरेशन बालकृष्ण ने बताया कि तेज हवाओं के चलते तारों पर पेड़ों की टहनिया लटक रही थी, जिन्हें काटने के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखी गई थी।
17 गांवों की बिजली गुल, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जरवा (बलरामपुर)। विद्युत उपखंड तुलसीपुर के कोयलाबास फीडर में गड़बड़ी के चलते 17 गांवों में बिजली आपूर्ति दो दिनों से ठप है। आए दिन होने वाली बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्राम प्रतापपुर में प्रदर्शन करते हुए मनोज कुमार, एजाज अहमद, आरिफ खान, वकील, परवेश, हकीम, आशीष, जफर, निजाम व अमर प्रताप आदि ने कहा कि लंबी पारेषण लाइन होने के कारण आए दिन तार टूट जाते हैं। दो दिनों से बिजली न होने के कारण रात अंधेरे में बिताने के साथ ही उमस भरी गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एक्सईएन तुलसीपुर रमाशंकर मौर्य ने बताया कि संबंधित एसडीओ व जेई को समस्या का निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया गया है। जरवा के नेवलगढ़ में नया उपखंड बनवाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।