गैसड़ी। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के दर्जनों गांवों में 11 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। विद्युत कर्मी 11 दिनों से पोल व ट्रांसफार्मर मरम्मत के कार्य में लगे हैं, इसके बावजूद बिजली नहीं आ रही है। धीरे-धीरे उपभोक्ताओं की उम्मीद टूटने लगी है। अब उपभोक्ता आंदोलन करने की रणनीति बना रहे हैं।
क्षेत्र के जमधरा, जमधरी, थरौली, ठकुरापुर, भोजपुर थारू, खखरा, विशुनपुर कला, अमवाबास, जमगढ़वा, लोकईडीह, रन्नूडीह, लालपुर दर्जानिया सहित 20 गांवों में चार मई से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव के दिनेश कुमार, पवन कुमार, छबीले, बिंदु लाल, तफज्जुल हुसैन, सलीम व नसीम अहमद ने बताया कि चार मई से विद्युत व्यवस्था फेल है। बुधवार की देर शाम तक गांव में विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी है। बिजली आपूर्ति न होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गया है। यदि एक-दो दिन में बत्ती नहीं आती है तो आंदोलन किया जाएगा।
10 घंटे बाद बहाल हुई बिजली
तुलसीपुर व गैसड़ी क्षेत्र में आंधी के कारण गुल हुई बत्ती देर रात बहाल हो सकी। धूल भरी आंधी चलने से 11 केवीए विद्युत लाइन ओड़ाझार से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। पिपरहवा, भंगहा कला, नंदमहरा, बेलीखुर्द, बनकटवा व लालनगर सहित दर्जनों गांवों में करीब 10 घंटे बिजली ठप रही। उपभोक्ता अनिल कुमार, मंगल, राजेंद्र यादव, भूपेंद्र पांडेय व पंकज तिवारी ने बताया कि दोपहर तीन बजे बत्ती काट दी गई थी। पूरी रात बिजली न होने से बहुत परेशानी हुई। सुबह आपूर्ति शुरू हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि आंधी और बारिश में भी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बार-बार प्रभावित हो जाती है, जिससे लोगों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अवर अभियंता दयाराम सिंह ने बताया कि तेज हवा के चलते विद्युत लाइन प्रभावित हुई थी, जिसे ठीक करा कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।