बलरामपुर। बकाया वसूलने व अन्य समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए बिजली विभाग की तरफ से शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य अभियंता देवीपाटन क्षेत्र ने वर्चुअल बैठक के दौरान विभागीय अफसरों को शिविर लगाने का निर्देश दिया है। शिविर में बिलिंग गुणवत्ता व राजस्व वसूली की जाएगी। सितंबर माह के प्रत्येक बुधवार को विद्युत समाधान शिविर लगाया जाएगा।
एक्सईएन पावर कारपोरेशन इंजीनियर बालकृष्ण ने शनिवार को बताया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों से संबंधित क्षेत्रों में सितंबर माह के प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ व पंचम बुधवार को विद्युत समाधान शिविर लगाने का जिम्मा उप खंडीय अधिकारियों को दिया गया है।
एक सितंबर को टाउन में इंजीनियर योगेश सिंह, महराजगंज तराई में इंजीनियर प्रेम चंद्र व रमईडीह स्ट्रीम पावर हाउस में इंजीनियर मोहम्मद अकील की निगरानी में शिविर लगाया जाएगा।
आठ सितंबर को भगवतीगंज, हरिहरगंज व बहादुरापुर स्ट्रीम पावर हाउस में बिजली से जुड़ी समस्याओं का निराकरण शिविर में कराया जाएगा। 15 सितंबर को नहर बालागंज, महराजगंज तराई के कौवापुर व कांदभारी गांव में शिविर लगेगा।
22 सितंबर को भगवतीगंज, हरिहरगंज उपकेंद्र के भीखपुर व सहतूजोत चौराहा स्ट्रीम पावर हाउस में शिविर लगाया जाएगा। 29 सितंबर को टाउन, महराजंगज तराई के कोडरी गांव और नहर बालागंज के शिविर में बिजली से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण और बकाया वसूली की जाएगी।