बलरामपुर के गन्ना दफ्तर में चुनाव को लेकर तैनात पुलिसकर्मी।-संवाद
बलरामपुर। जिले की तीनों गन्ना विकास समितियों में सोमवार को डेलीगेट चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक से अधिक उम्मीदवारों के होने पर 40 डेलीगेट के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। तीन अक्तूबर को मतदान व मतगणना कराई जाएगी। तीनाें गन्ना विकास समितियों में 2192 डेलीगेट सीटों के सापेक्ष 1764 दावेदारों के पर्चे जांच के दौरान वैध पाए गए थे।
अपर एसडीएम न्यायिक उतरौला/गन्ना विकास समिति बलरामपुर आरओ राजेंद्र बहादुर ने बताया कि 1169 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 1053 के नामांकन पत्र वैध मिले थे। 61 नामांकन पत्र खारिज होने के साथ 992 डेलीगेट सीटों पर दावेदारों के पर्चे बचे थे। सोमवार को नाम वापसी के बाद 957 डेलीगेट सीटों पर एकल नामांकन होने के चलते निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। 35 डेलीगेट सीटों पर एक से अधिक नामांकन होने के चलते उम्मीदवारों को सिंबल अलॉट कर दिया गया है। एमपीपी व डीएवी इंटर कॉलेज में तीन अक्तूबर को मतदान कराकर उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी, जिसकी तैयारी की जा रही है।
सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति बलरामपुर/उतरौला अविनाश सिंह ने बताया कि उतरौला में 314 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 323 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। 21 नामांकन पत्र खारिज हो गए थे। जांच में 302 दावेदारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। नाम वापसी के दौरान 299 सीटों पर एकल नामांकन के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। तीन सीटों पर एक अधिक उम्मीदवार होने के चलते सिंबल अलॉट कर दिया गया है। गन्ना विकास समिति उतरौला में मतदान व मतगणना कराई जाएगी।
गन्ना विकास समिति तुलसीपुर के सचिव रवींद्र ने बताया कि 709 डेलीगेट सीटों पर 554 लोगों ने नामांकन पत्र भरे थे। जांच के दौरान 84 दावेदारों के नामांकन पत्र खारिज हो गए। 470 नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। नाम वापसी के दौरान 468 सीटों पर एकल नामांकन के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। दो सीटों पर एक से अधिक उम्मीदवार होने के चलते उन्हें सिंबल अलॉट कर दिया गया है। गन्ना विकास समिति तुलसीपुर में मतदान व मतगणना कराई जाएगी।