बलरामपुर। प्रेक्षकों की निगरानी में विधानसभा चुनाव का मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने जिले के चार विधानसभा के प्रेक्षकों को नियुक्त कर दिया है। सभी प्रेक्षकों के मोबाइल नंबर जारी कर दिए गए हैं। प्रेक्षकों के नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। राही पर्यटक आवास गृह में प्रेक्षकों से निर्धारित समय में मुलाकात कर सकते हैं। चुनाव व मतदान के दौरान दबंगई करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रेक्षक से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष ने शनिवार को बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 को निष्पक्ष, निर्भीक, सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने चार विधानसभा क्षेत्रों और पुलिस के प्रेक्षकों को तैनात कर दिया है। विधानसभा क्षेत्र तुलसीपुर में वर्ष 2008 बैच के आईएएस तरुण कुमार मुखोपाध्याय, विधानसभा क्षेत्र गैसड़ी में वर्ष 2011 बैच के आईएएस मोहित बुंदास, अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र बलरामपुर सदर में वर्ष 1997 बैच के आईएएस केएस श्रीनिवास और उतरौला विधान सभा में वर्ष 2014 बैच के आईएएस यशपाल शर्मा को आयोग ने प्रेक्षक के रुप में तैनात कर दिया है।
आम जनमानस को विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव संबंधी किसी भी समस्या का निराकरण कराने के लिए मोबाइल नंबर के साथ रही पर्यटक आवास गृह में प्रात: 10 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। प्रेक्षक तुलसीपुर के मोबाइल नंबर 7880948428, गैसड़ी के मोबाइल नंबर 7897253596, उतरौला के मोबाइल नंबर 7754042457 व सदर के मोबाइल नंबर 8090304658 पर फोन कर सकते हैं। आयोग की ओर से पुलिस प्रेक्षक की तैनाती की गई है। पुलिस प्रेक्षक जयंत जेके नाइकनेवार से एसएसबी कैंप में प्रात: 10 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सभी प्रेक्षकों के व्यवस्था अधिकारी को तैनात कर दिया गया है।
प्रेक्षक तुलसीपुर के व्यवस्था अधिकारी इंजीनियर आकाश यादव को, गैसड़ी के व्यवस्था अधिकारी जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार त्रिपाठी, सदर के व्यवस्था अधिकारी जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुश्वाहा, उतरौला के व्यवस्था अधिकारी असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी इम्तियाज सिद्दीकी व पुलिस प्रेक्षक के लाइजन अफसर एसआई पचपेड़वा थाना पुर्णेश नारायण पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस प्रेक्षक से संबंधित समस्याओं का निराकरण कराने के लिए पुर्णेश के मोबाइल नंबर 9415127219 पर संपर्क किया जा सकता है।