फोटो-3-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट गेट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते सीओ सिटी वरूण मिश्र।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। भाजपा, कांग्रेस व सपा समेत 12 उम्मीदवारों ने पांचवें दिन बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा दाखिल कर दिया है। विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को 11 फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल करने का मौका है। पांचवें दिन 11 लोगों ने दावेदारी के लिए नामांकन पत्र लिए हैं। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को दाखिल कराने के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन बुधवार को तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, कांग्रेस पार्टी से दीपेंद्र सिंह दीपांकर व निर्दलीय उम्मीदवार शुभम सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। विधानसभा क्षेत्र गैसड़ी से सपा प्रत्याशी के रुप में पूर्व राज्य मंत्री डॉ. एसपी यादव ने दूसरा सेट पर्चा भरा है।
गैसड़ी विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के इश्तियाक अहमद खान ने पर्चा दाखिल किया है। उतरौला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने दूसरा सेट पर्चा भरा है। उतरौला विधानसभा सीट से नसीबदार और ओम प्रकाश तिवारी ने निर्दल प्रत्याशी के रुप में नामांकन पत्र दाखिल किया है। अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित बलरामपुर सदर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में बबीता आर्य व भारतीय सुभाष पार्टी से हरीराम ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। पूर्व राज्य मंत्री डॉ. एसपी यादव व पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने पहले भी एक-एक सेट नामांकन पत्र भरा है। विधानसभा चुनाव 2022 में नामांकन के पांचवें दिन बुधवार को 11 लोगों ने पर्चा लिया है। विधानसभा क्षेत्र गैसड़ी, तुलसीपुर व सदर से तीन-तीन और उतरौला विधानसभा से दो सेट नामांकन पत्र लिए गए हैं। डीएम ने उम्मीदवारों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश का पालन करने की अपील की है।