बलरामपुर। चालू शिक्षा सत्र से परिषदीय विद्यालयों के 3.34 लाख विद्यार्थियों व महिला अभिभावकों को वीरांगनाओं का इतिहास पढ़ाने की तैयारियां की जा रही है। वीरांगनाओं की तस्वीरों से जिले के 1822 विद्यालयों की दीवारें सजाई जाएंगी। एक दीवार वीरांगना महिलाओं के लिए समर्पित की जाएगी। मिशन शक्ति फेज-4 के तहत विद्यालयों के दीवारों पर रानी लक्ष्मीबाई, सावित्री बाई फुले, कल्पना चावला व पीटी उषा सरीखी महिलाओं के संघर्ष गाथा संबंधी चित्र उकेरे जाएंगे। यह अभियान 16 से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
शिक्षा सत्र 2022-23 में जुलाई माह से 1811 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट व 11 कस्तूरबा विद्यालयों के तीन लाख 35 हजार 418 छात्र-छात्राओं व उनके महिला अभिभावकों को वीरांगनाओं के जीवन संघर्ष की गाथा का पाठ पढ़ाने की तैयारियां की जा रही हैं। मिशन शक्ति फेज-4 के तहत विद्यालयों के दीवारों पर रानी लक्ष्मीबाई, चांद बीबी, सावित्री बाई ज्योतिराव फुले, सरोजिनी नायडू, सुचेता कृपालानी, सुभद्रा कुमारी चौहान, मदर टेरसा, पीटी उषा, लता मंगेशकर, अमृता प्रीतम, महादेवी वर्मा, अवनि लेखरा, साइना नेहवाल, कल्पना चावला, बेगम अख्तर, मैरी कॉम, अरुणिमा सिन्हा, शकुंतला देवी व सालूमरदा थिमक्का जैसी महिलाओं के चित्र इतिहास के साथ उकेरने की तैयारी की जा रही है। सभी वीरांगनाओं के चित्र के साथ-साथ उनका संक्षिप्त विवरण व इतिहास के बारे में दीवारों पर पेंटिंग कराई जाएगी।
पेंटिंग में उनसे जुड़ी उपलब्धियां भी दीवारों पर सजेंगी। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ की तरफ से विद्यालयों की दीवारों पर पेंटिंग कराने के लिए 16 से 30 जून तक अभियान चलाने का सुझाव दिया गया है। दीवारों पर वीरांगनाओं की गाथा लिखाकर गांव व कस्बे की महिलाओं को प्रेरित किया जाएगा। गांव व कस्बों की महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया जाएगा। विद्यालयों में महिला सशक्तीकरण की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में अभिभावकों को बुलाकर लिंगभेद के बारे में उन्हें जागरूक किया जाएगा। सभी विद्यालयों में बेटियों व महिलाओं को सेल्फडिफेंस का प्रशिक्षण कराया जाएगा। सभी परिषदीय विद्यालयों में एक से 31 जुलाई तक वहां की स्थानीय महिलाओं को आमंत्रित कर वीरांगनाओं के इतिहास के बारे में जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने पर फोकस किया जाएगा।
सभी बीईओ की सौंपी गई जिम्मेदारी
मिशन शक्ति फेज-4 के तहत जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के एक-एक दीवारों पर वीरांगनाओं की पेंटिंग कराने के लिए संबंधित क्षेत्र के बीईओ को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। विद्यालयों में दीवारों की पेंटिंग कराने के लिए 16 से 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर कार्य पूरा किया जाएगा। शासन की यह पहल बहुत ही शानदार है। डॉ. रामचंद्र, बीएसए