फोटो-2-बलरामपुर के सदर तहसील सभागार में सीएससी संचालकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले के 50 सीएससी के संचालकों को लोगों का आधार कार्ड बनाने व संशोधन करने का सदर तहसील सभागार में शुक्रवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में संचालकों को लोगों से अधिक रकम न लेने का सुझाव दिया गया। एक केंद्र पर आधार कार्ड बनाया जाएगा और 49 केंद्रों पर आधार संशोधन के कार्य किए जाएंगे। आधार संशोधन में 50 रुपये की धनराशि ली जाएगी। प्रशिक्षण में शामिल संचालकों को सुझाव दिया गया कि प्रचार-प्रसार करके अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाएं।
राज्य सीएससी मुख्यालय से आए असिस्टेंट मैनेजर नीरज कुमार आनंद ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कॉमन सर्विस सेंटरों के संचालकों को शासन स्तर से निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कार्य करना होगा। आधार संशोधन कराने में प्रत्येक व्यक्ति से संचालक सिर्फ 50 रुपये लेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य कोई वसूली नहीं की जाएगी। सीएससी संचालकों को शासन स्तर से जारी दस्तावेजों का प्रयोग करना होगा अन्यथा कार्रवाई कर दी जाएगी।
जिला प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने कहा कि जिले के सभी कॉमन सर्विस संचालक सही ढंग से कार्य करें, कोई भी समस्या होने पर जिला टीम से संपर्क करें। जिले में केवल एक केंद्र पर आधार कार्ड बनाया जा रहा है और 49 केंद्रों पर आधार संशोधन के कार्य किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद कॉमन सर्विस सेंटर के संचालकों की समस्या सुनी गई और उनका निस्तारण कराने का आश्वासन दिया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला को जिला समन्वयक अरुण कुमार वर्मा ने संबोधित कर सीएससी संचालकों को शासन स्तर से निर्धारित गाइड लाइन के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी। कार्यशाला में अतुल, शुभम अग्रवाल, संजय कुमार मौर्य, गोविन्द लाल कसौंधन, अर्चना सोनी, पवन कुमार, संजय शर्मा, अरुण कुमार, जाहिद अली, मोहम्मद सलमान, राम करन मौर्य, विजय गुप्ता, सतीश कुमार व राजकुमार आदि सीएससी संचालक आदि मौजूद रहे।