बलरामपुर। 31 मार्च 2004 के बाद शादी रचाने वाले अफसरों व कर्मियों को दहेज का ब्यौरा शासन को उपलब्ध कराना होगा। जिले के सभी विभागों को शासन का फरमान भेज दिया गया है।
31 अक्तूबर तक महिला कल्याण विभाग को जिले के सभी विभागों के अफसरों और कर्मियों को दहेज लेने अथवा न लेने की रिपोर्ट हर हाल में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जिले के 12 विभागों के अफसरों ने अब तक अपना व अपने कर्मियों का दहेज न लेने का ब्यौरा उपलब्ध करा दिया है। हालांकि अभी किसी भी विभाग को कोई पत्र नहीं मिला।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने मंगलवार को बताया कि महिला कल्याण विभाग लखनऊ की निदेशक ने पत्र भेजकर 31 मार्च 2004 के बाद शादी करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का निर्धारित प्रारूप पर ब्यौरा उपलब्ध कराने का निर्देेेश दिया है।
निदेशक के पत्र का हवाला देकर जिले के सभी विभागों को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए सूचना दी गई। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, रोजगार सहायता अधिकारी कार्यालय, उद्यान विभाग कार्यालय, श्रम विभाग कार्यालय, डीसी मनरेगा कार्यालय, डीपीओ कार्यालय, मत्स्य कार्यालय व डीपीआरओ कार्यालय सहित 12 विभागों के अधिकारियों ने सभी की दहेज संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने जिले के सभी नौ ब्लॉकों के एडीओ पंचायत कार्यालय को शासन स्तर से मांगे गए दहेज संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि 31 अक्तूबर तक शासन को हर हाल में रिपोर्ट उपलब्ध करानी है, बाकी बचे जिले के सभी विभागों की तरफ से रिपोर्ट भेजी जा रही है।