बलरामपुर। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 11 पदक जीतकर बलरामपुर ताइक्वांडो एकाडमी की टीम अव्वल रही। बलरामपुर ताइक्वांडो एकाडमी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में सात स्वर्ण सहित 11 पदक अर्जित किए। मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
बलरामपुर ताइक्वांडो एकाडमी के सचिव व कोच जियाउल हशमत ने बताया कि 20 से 23 अक्तूबर तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में बलरामपुर अकादमी की 12 सदस्यीय टीम शामिल हुई।
टीम के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, तीन रजत एवं एक कांस्य पदक जीतकर बलरामपुर ताइक्वांडो टीम को पहला स्थान दिलाया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में प्रज्जवला सिंह, सची कश्यप, मयंक कुमार, अशरफ अली, फैज अंसारी, मो. आसिफ अंसारी व श्वेत शुक्ला शामिल रहे।
सदफ अनवार अंसारी, महेश जाटव व काश्यमा पांडेय ने रजत पदक हासिल किया। आयुष भाई पटेल ने कांस्य पदक जीता। पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को जिला मुख्यालय पहुंचने पर श्याम बिहारी कालोनी स्थित बलरामपुर ताइक्वांडो अकादमी के हॉल में माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बलरामपुर ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष डा. प्रांजल त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. अब्दुल कय्यूम, आलोक श्रीवास्तव, रियाज अहमद, आनंद कुमार शुक्ला, जनेन्द्र प्रताप सिंह, स्वप्निल, कृष्ण कुुमार पाल, संदीपिका रावत व संजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।