बलरामपुर। दीवाली के मेले में घरेलू उत्पादों के बिक्री की रौनक रहेगी। स्ट्रीट वेंडरों व स्वयं सहायता समूहों की तरफ से मेलों में उत्पादों की बिक्री के लिए स्टाल लगाए जाएंगे। नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला में 28 से चार नवंबर तक मेले लगाए जाएंगे। दीवाली मेले को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। डीएम श्रुति के निर्देशन में मेले लगाए जाएंगे।
एडीएम राम अभिलाष की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मेला प्रबंधन समिति की बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम ने कहा कि दीवाली मेले के माध्यम से स्ट्रीट वेंडरों व स्वयं सहायता समूहों की तरफ से तैयार किए जा रहे उत्पादों की बिक्री के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
मेले में विभन्न विभागों की तरफ से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दीवाली के अवसर पर स्ट्रीट वेंडरों व स्वयं सहायता समूह की तरफ से निर्मित सामग्रियों की बिक्री मेले में की जाएगी। बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड व उतरौला के रामलीला मैदान में दीवाली मेला लगाने की तैयारी का जिम्मा मेला प्रबंधन समिति को सौंपा गया है।
दोनों नगर पालिका परिषद में तैनात ईओ को स्ट्रीट वेंडरों व स्वयं सहायता समूह के लिए स्टाल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मैजिक शो, नुक्कड़ नाटक व कठपुतली आदि की धूम रहेगी। मेले में स्वच्छता सेल्फी विद ग्रेट लीडर्स व विभिन्न प्रकार के पोस्टर व स्लोगन की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
बच्चों के लिए आकर्षक झूलों व दर्शकों के लिए फूड स्टाल लगाए जाएंगे। मेले में पार्किंग व मोबाइल शौचालय का इंतजाम रहेगा। कृषि, उद्यान, उद्योग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मत्स्य, महिला कल्याण, समाज कल्याण, श्रम, पंचायती राज व बेसिक शिक्षा विभाग के स्टाल लगाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना के लाभार्थियों के लिए पंजीकरण डेस्क लगाई जाएगी। बैंकों के सहयोग से मेले में आने वाले लोगों को डिजिटल लेनदेन के बारे में बताया जाएगा। अपर एसडीएम विनोद कुमार सिंह को मेले का प्रभारी बनाया गया है। बैठक में जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, जिला उद्यान अधिकारी लाल बहादुर मौर्य, डीपीओ राजेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र व ईओ राकेश कुमार जायसवाल आदि मौजूद रहे।