बलरामपुर। बच्चों की देखरेख व संरक्षण में कोताही न बरतें। बाल संरक्षण समिति की ओर से लावारिस व बेसहारा बच्चों को मदद मुहैया कराई जा रही है। न्याय विभाग, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन, एएचटीयू, एसजेपीयू, श्रम प्रवर्तन, वन स्टाप, शिक्षा व किशोर न्याय बोर्ड के सभी पदाधिकारी व सदस्यों की तरफ से बच्चों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
सीडीओ रिया केजरीवाल ने विकास भवन सभागार में बीते दिन बाल संरक्षण सेवाओं के तहत समिति की त्रैमासिक बैठक की समीक्षा की। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने बाल संरक्षण सेवाओं के बारे में पदाधिकारियों व सदस्यों को विस्तार से जानकारी दी। बाल संरक्षण समिति से जुड़े विभागों के अफसरों व स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सीडीओ के समक्ष तीन माह में किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
किशोर न्याय बोर्ड अधिनियम 2015 व जेजे एक्ट के संबंध में चर्चा की गई। सीडीओ ने बच्चों के मामले में संवेदनशीलता के साथ काम करने और मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। बैठक में सीओ सिटी वरुण मिश्र, एसीएमओ डॉ. एके सिंहल, डीपीओ राजेन्द्र कुमार व विधि सह परिवीक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित न्याय विभाग, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्डलाइन, श्रम प्रवर्तन, वन स्टाप, शिक्षा व किशोर न्याय बोर्ड के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।