बलरामपुर। धनतेरस पर मंगलवार को बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। सुबह से लेकर रात तक बाजार में सामान खरीदने के लिए ग्राहकों का तांता लगा रहा। कपड़ा, जेवर से लेकर वाहन की जमकर खरीदारी हुई। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सामान बेचने के लिए दुकानदारों की ओर से तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। जिले में करीब सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
धनतेरस के दिन ग्राहकों की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए गुरुवार को पूरा बाजार सजाया गया है। दुकानों को झालरों एवं फूल मालाओं से आकर्षक बना दिया है। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने पूरी तैयारी कर रखी है। शाम होते बाजार में खरीदारों की भीड़ जुटने लगी। वीर विनय चौराहे से लेकर चौक बाजार तक ग्राहकों की भीड़ रही। दुकानों में खरीदारों का तांता लगा रहा। इलेक्ट्रानिक व खिलौनों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। लोगों ने बच्चों के लिए तरह-तरह के खिलौनों की खरीदारी की। पिछले साल कोरोना के चलते व्यवसाय मंदा था, वहीं इस बार धनतेरस पर बाजार पूूरी तरह गुलजार दिखा। बाजार में जेवर, बर्तन, खिलौने एवं वाहन के साथ इलेक्ट्रानिक सामानों की खरीदारी की गई। बुधवार को भी बाजार इसी तरह गुलजार रहने की संभावना जताई जा रही है।
मिट्टी व चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीदारी
दीपावली के दिन होने वाली गणेश लक्ष्मी की पूजा अर्चना को लेकर लोगों ने मूर्तियों की जमकर खरीदारी की। बाजार में इस बार मिट्टी के साथ पीओेपी व चांदी की मूर्तियां भी उपलब्ध हैं। वीर विनय चौराहे से लेेकर चौक बाजार तक मूर्तियों की दुकानें सजी हुई है। पहलवारा व भगवतीगंज बाजार में भगवान गणेश व माता लक्ष्मी की मूर्ति खरीदने के लिए पूरे दिन ग्राहकों का तांता लगा रहा। मिट्टी के साथ चांदी की मूर्तियां खरीदने में ग्राहकों ने खूब दिलचस्पी दिखाई।
वाहनों की बिक्री पर लगा चार चांद
कोविड-19 महामारी के चलते वाहनों का ठंडा पड़ा बाजार धनतेरस पर गुलजार हो गया। ऑफर ने वाहनों की बिक्री पर चार चांद लगा दिया। वाहन कंपनियाें की एजेंसी पर ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही। साइकिल व बाइक से लेेकर कार, ट्रैक्टर व ई-रिक्सा की बिक्री हुई। कारोबारियों के अनुसार, धनतेरस पर जिले भर में करीब 40 करोड़ रुपये के वाहन बिके हैं।
बर्तन व इलेक्ट्रानिक उत्पादों के बिक्री की रही धूूम
धनतेरस के दिन बर्तन व जेवर की खरीदारी को शुभ माना जाता है। धनतेरस के पहले दिन बर्तन व सर्राफा की दुकानों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ जुटी। लोगों ने बर्तन व इलेक्ट्रानिक सामानों की खरीदारी की। बच्चों ने तरह-तरह के इलेक्ट्रानिक खिलौने खरीदे। धनतेरस के पहले दिन करीब 50 करोड़ रुपये के जेवर, बर्तन व इलेक्ट्रानिक सामान बिके।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाजार में महिला कांस्टेबल को यूनिफार्म व सिविल ड्रेस में तैनात किया गया है।