फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: अस्पताल में सीलन, गंदगी व माड़ लगी बेडशीट देख डिप्टी सीएम खफा

Sat, 08 Aug 2026 10:34 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-20-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीजों से बातचीत करते डिप्टी सीएम ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। अस्पताल के भवन में सीलन, शौचालय में गंदगी और बेड पर बिछाई गई नई बेडशीट पर माड़ लगा होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अग्निशमन यंत्रों की निगरानी के साथ ही सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को इनके संचालन का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
विज्ञापन

जिला मेमोरियल अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद इमरजेंसी कक्ष में मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार की जानकारी ली। बेड नंबर एक पर भर्ती राम शंकर यादव से उन्होंने हालचाल पूछा। मरीज ने बताया कि सुबह बुखार होने पर अस्पताल आए हैं। चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि राम शंकर वायरल बुखार से पीड़ित हैं और उनकी हालत में सुधार है।
बेड नंबर दो पर भर्ती शक्ति शुक्ल सांस फूलने की समस्या से पीड़ित थे। डिप्टी सीएम ने उनसे भी बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। बेड नंबर तीन पर डायरिया से पीड़ित नर्गिस और बेड नंबर पांच पर हाइपरटेंशन से पीड़ित सुनीता के उपचार के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली।
विज्ञापन

वार्ड में बेड पर बिछाई गई नई बेडशीट पर माड़ लगा होने पर उन्होंने उसे तत्काल बदलने का निर्देश दिया। इमरजेंसी वार्ड के शौचालय का निरीक्षण करने पर दरवाजा जाम मिला। डिप्टी सीएम ने खुद धक्का देकर दरवाजा खोला। अंदर गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पांच टीबी रोगियों को पोषण किट और आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड वितरित किए। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली। नेत्र विभाग का निरीक्षण कर उपकरणों के बारे में भी जानकारी हासिल की।
इमरजेंसी कक्ष में बेड नंबर एक के ऊपर लगे अग्निशमन यंत्र को हटाकर उपयुक्त स्थान पर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरालाल को बेहतर उपचार के साथ मरीजों की सेवा और अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सांप काटने पर पीएचसी-सीएचसी में इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने सभी सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) और एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। रोगी कल्याण निधि की धनराशि खर्च न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान लोगों ने एक चिकित्सक पर पैसे मांगने का आरोप लगाया। इस पर डिप्टी सीएम ने लिखित शिकायत देने के निर्देश दिए, ताकि मामले की जांच कराई जा सके।
इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, अपर निदेशक स्वास्थ्य संतलाल पटेल, सीडीओ हिमांशु गुप्त, एडीएम ज्योति राय, एएसपी विशाल पांडेय, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र, गुणवत्ता प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय, डॉ. राजेश सिंह और डॉ. ऋषि श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

फोटो-20-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीजों से बातचीत करते डिप्टी सीएम ।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें