ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम अमहवा में गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के भाई की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले की छानबीन की जा रही है।
ललिया थाना क्षेत्र के अंबर नगर निवासी राम भवन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि अपनी बहन रूपरानी उर्फ गायत्री की शादी 15 वर्ष पूर्व अमहवा गांव निवासी शिवराम यादव के साथ की थी। राम भवन का आरोप है कि शिवराम ने चार वर्ष पूर्व दूसरी शादी कर ली है। शादी कर लेने के बाद गायत्री व उसके पति के बीच अनबन चल रही थी। यह बात गायत्री फोन से परिजनों को बताती रहती थी।
गायत्री छह माह की गर्भवती थीं। उसका इलाज बहराइच में चल रहा था। बीते दिन गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मृतका के भाई की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।