बलरामपुर। श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के गुमड़ी जंगल में रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुमड़ी जंगल में शिवमंदिर के पीछे रविवार शाम पेड़ पर युवक का शव लटका देख आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सीओ उतरौला प्रमोद कुमार व श्रीदत्तगंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित मौके पर पहुंच गए। शव फंदे से उतारकर छानबीन शुरू की गई। मृतक की जेब में आधार कार्ड मिला। इससे उसकी पहचान अजय पासवान (22) पुत्र रामचरन निवासी ग्राम अगयाबुजुर्ग थाना रेहरा बाजार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अजय के परिजनों को सूचना दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।