बलरामपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। पेशेवर अपराधियों व माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली व थानों का औचक निरीक्षण करके पुलिस की कार्यशैली को बेहतर बनाया जाएगा। आम जनमानस को न्याय मिल सके, इसके लिए सभी कोतवाली व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। ये बातें नवागत एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने बीते दिन पुलिस लाइन में आयोजित गोष्ठी के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं।
नवागत एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने बीते दिन पदभार ग्रहण करने के बाद बलरामपुर नगर में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 1991 बैच के पीपीएस अधिकारी राजेश कुमार सक्सेना प्रदेश के कई जिलों में डिप्टी एसपी, एएसपी व पीएसी में तैनात रह चुके हैं। एसपी के रूप में भी कार्य किया है। बता दें कि एसपी हेमंत कुटियाल का स्थानांतरण मुरादाबाद होने पर राजेश कुमार सक्सेना को बलरामपुर का एसपी बनाया गया है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य बरकरार रहे, पीड़ितों को थानों में न्याय मिले इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। शहर में जाम की समस्या, अवैध खनन व हरे पेड़ों की अवैध कटान आदि के बारे में उन्होंने प्लानिंग के तहत कार्रवाई करने की बात कही। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, सीओ सिटी वरुण मिश्र व सीओ राधारमण सिंह आदि मौजूद रहे।