बलरामपुर। जिला मुख्यालय व उतरौला क्षेत्र में लगे बिजली के 82 हाईटेंशन टावरों पर लाइन की चेकिंग की जाएगी। इस दौरान क्षेत्र के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। पावर कॉरपोरेशन ने लोगों से हाईटेंशन टावरों से दूर रहने की अपील की है।
पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन गोंडा के एक्सईएन मनोज कुमार ने सोमवार को बताया कि 220 केवी बिजलीघर से जुड़े 132 केवी जिला मुख्यालय व उतरौला तहसील की पारेषण लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिला मुख्यालय व उतरौला जाने वाली पारेषण लाइन सदर तहसील के घूघुलपुर गांव स्थित 220 केवी बिजलीघर से जुड़ी है। जिला मुख्यालय व उतरौला तहसील के 82 टावरों पर 19 से 25 अप्रैल के मध्य किसी भी समय 1,32,000 वोल्ट पर बिजली की चेकिंग की जाएगी।
पारेषण लाइन 132 केवी विद्युत उपकेंद्र उतरौला से इटईमैदा, जिगना, जलालपुरवा, कोल्हुई बिनोहनी, तेंदुई, बरवरिया, संझवल, प्रेमनगर, देवरिया मुबारकपुर, मनकापुर, हरिहरपुर, बिराहिमपुर, लखना, गंगापुर, पिपरा, बघनी, फुलवरिया, फरेंदा, हनुमंतनगर, कल्याणनगर, जमुनीजोत, सिरसिया, खमौहा व विशुनापुर सहित 82 टावरों पर जांच की जाएगी।
इस सभी गांवों के प्रधानों व ग्रामीणों से अपील की गई है कि 19 से 25 अप्रैल तक किसी भी समय बिजली की चेकिंग की जाएगी। ऐसे में हाइटेंशन लाइन के टावरों से खुद व अपने जानवरों को दूर रखें। चेकिंग के दौरान टावर के आसपास रहने वाले लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। सुझाव का उल्लंघन करने वाले दुर्घटना का शिकार होने पर स्वयं जिम्मेदार होंगे। एसडीओ पावर कॉरपोरेशन ट्रांसमिशन शादाब ने बताया कि इससे पहले 160 व 99 टावरों की जांच की जा चुकी है।