छात्रा का जलता शव पुलिस ने कब्जे में लिया
महराजगंज तराई-बलरामपुर। ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़ंतपुर के मजरे पंडितपुरवा में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हत्या की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता से शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना के संबंध में थाना ललिया के एसआई संतोष कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि थानाध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय को किसी ने फोन पर सूचना दी कि पंडितपुरवा गांव में अनूपा (21) पुत्री दिनेश शुक्ला की हत्या कर दी गई है।
हत्या के आरोपों से बचने के लिए परिवारीजन अनूपा के शव का आनन-फानन में दाह संस्कार कर रहे हैं। एसओ के निर्देश पर पुलिस जब गांव पहुंची तो शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
लेकिन पुलिस ने जलती चिता से शव को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अनूपा के पिता दिनेश शुक्ला का कहना है कि अनूपा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। दशहरे की छुट्टी में वह घर आई थी। मंगलवार की रात वह छत पर सो रही थी।
रात में ही छत से गिरने पर उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।