दूध से घटिया क्रीम बनाने पर 50 हजार जुर्माना
बलरामपुर। दूध से घटिया किस्म की क्रीम बनाने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने कारखाना संचालक पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। वहीं, विभागीय अफसरों ने छापेमारी कर 26 दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
इसके साथ ही 26 दुकानदारों से जवाब तलब किया गया है। सात दिन में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि गुरुवार को क्रीम निर्माता बजरंगी यादव पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने मुकदमे की सुनवाई के दौरान 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
वहीं अभिहीत अधिकारी कुमार गुंजन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमला रावत, वागीश मणि त्रिपाठी, सत्यवीर सिंह व लालमणि यादव ने होली के मद्देनजर 26 दुकानों पर छापा मारा।
बरदौलिया बाजार में सुभाष तिवारी की दुकान से छेना मिठाई एवं मिल्क केक, टेंगनवार में राजाराम यादव की दुकान से मावा और रामगोपाल की दुकान से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
इसके साथ ही पचपेड़वा, उतरौला नगर, गैसड़ी बाजार, भगवतीगंज सहित कई स्थानों पर छापा मारकर 26 दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
दुकानों पर साफ-सफाई न होने, नॉट फॉर सेल का काउंटर अलग से न होने, कर्मियों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र आदि न होने के कारण 26 दुकानदारों से जवाब तलब किया गया है। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।