उतरौला(बलरामपुर)। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में रहकर खुद को दरोगा बताने वाले जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फर्जी दरोगा के पास से वर्दी और जूता बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार जयदीप दूबे ने बताया कि ग्राम केराडीह निवासी अनीता शुक्ला ने तहरीर देकर कहा था कि उनके गांव में एक अज्ञात व्यक्ति रहता है।
पुलिसिया रौब दिखाकर अभद्रता करता है। उप निरीक्षक रामजी यादव व उनकी टीम ने मंगलवार को भगवानपुर जाने वाले तिराहे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने के बाद उसके पास झोले से दरोगा की वर्दी तथा दूसरे झोले से पुलिस का जूता बरामद हुआ है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विपिन तिवारी ग्राम रोसीपुरवा थाना करनैलगंज, गोण्डा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। संवाद