बलरामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को तीन एसएसबी जवान सहित पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़ कर अब 19 हो गई है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि लोगों की लापरवाही के चलते जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को एसएसबी 9वीं वाहिनी के तीन जवान संक्रमित पाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त उतरौला तहसील क्षेत्र के पेहर बाजार एवं बलरामपुर ब्लॉक के हंसडीह गांव में भी एक-एक लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। पॉजिटिव पाए गए लोगों की स्थिति गंभीर न होने पर उन्हें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए घर में ही रहने का सुझाव दिया गया है।
सभी लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई है। शुक्रवार को मिले पांच पॉजिटिव केस के साथ ही जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील किया है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लापरवाही कदापि न बरतें।
बेवजह भीड़ भाड़ का हिस्सा न बने। घर से बाहर निकलते समय कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। सर्दी, जुकाम, बुखार या अन्य समस्याएं होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच व इलाज कराएं।