बलरामपुर। कोरोना महामारी के दौरान शहर में बेहतर साफ-सफाई करने वाले सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। कोरोना महामारी से बचाव के लिए सभी कर्मियों को ग्लब्स व रेडियम जैकेट भी प्रदान किया गया।
बीते दिन नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि नगर में तैनात सफाई कर्मियों ने कोरोना काल में भी जान की परवाह किए बगैर सड़कों व वार्डों की साफ-सफाई के लिए बेहतर कार्य किया। साफ-सफाई करते समय कोरोना संक्रमण होने की परवाह नहीं की।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक आलोक भारती व सफाई प्रभारी सुरेश कुमार गुप्ता द्वारा सफाई का उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों की सूची पहले ही तैयार कर ली गई थी। सूची के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। करीब 200 ठेका, संविदा व नियमित सफाई कर्मियों को नगर पालिका की तरफ से ग्लब्स व रेडियम जैकेट वितरित किया गया।