बलरामपुर। दो मार्च को स्पोर्ट्स स्टेडियम से पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों पर रवाना करने की तैयारी की जा रही है। यहां पर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए टेंट लगाए जाएंगे। मतदान कार्मिकों को ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के साथ तैयार बस्ते दिए जाएंगे। सभी मतदान कार्मिकों को वाहनों पर बैठाकर मतदान कराने के लिए मतदेय स्थलों को रवाना कर दिया जाएगा। बुधवार को चारों विधानसभाओं के प्रेक्षकों ने स्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद सीडीओ व एडीएम को दिशा-निर्देश दिए।
प्रेक्षक विधानसभा तुलसीपुर तरुण कुमार मुखोपध्याय, सदर केएस श्रीनिवासन, उतरौला यशपाल शर्मा व गैसड़ी मोहित बुंदास ने बुधवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना होने वाले स्थल स्पोर्टस स्टेडियम का निरीक्षण कर जायजा लिया। मौके पर मौजूद सीडीओ/नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक एवं प्रशिक्षण रिया केजरीवाल और एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष को पोलिंग पार्टियों के रवांनगी स्थल पर सभी तैयारियां चाक-चौबंद कराने का निर्देश दिया।
बताया गया कि यहां पर टेंट, कुर्सी-मेज के साथ माइक व अन्य इंतजाम कराए जाएंगे। बड़ा परेड ग्राउंड में खड़े वाहनों से सभी पोलिंग पार्टियों को तीन मार्च को होने वाले मतदान कराने के लिए दो मार्च को मतदेय स्थलों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। रवानगी स्थल पर भीड़ न जुटे इसके लिए विधानसभावार काउंटर तैयार किए जाएंगे। तीन मार्च को जिले के 1857 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियां मतदान कराएंगी।