बलरामपुर। 28 जून को स्कूल पहुंचने वाले छात्रों का स्वागत गुरु जी रोली-टीका लगाकर करेंगे। इसके साथ ही विद्यालयों को रंगोली, झंडी और गुब्बारोें से सजाया जाएगा। विद्यार्थियों को मनपसंद भोजन हलवा व खीर भी मिड-डे-मील में परोसा जाएगा। साथ ही गुरु जी अभिभावकों को जागरूक करेंगे कि वे अपने छह वर्ष की उम्र पूरी कर चुके बच्चों का निजी विद्यालयों की जगह परिषदीय में प्रवेश कराएं। सरकार उनकी पढ़ाई, ड्रेस आदि का पूरा खर्च उठाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए निजी स्कूलों की तर्ज पर कार्य करना शुरू कर दिया है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए स्कूल में कार्यरत शिक्षक व प्रधानाध्यापक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं। शिक्षा की धारा से शत-प्रतिशत नौनिहालों को जोड़ने तथा परिषदीय स्कूल में नामांकन बढ़ाने के लिए 28 जून से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान में गुरुजी घर-घर दस्तक देंगे। शिक्षा से वंचित बच्चों को चिह्नित कर उनका स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा है। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के तहत छह वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों को सूचीबद्ध करते हुए उनका प्रवेश कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान बीच में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों को भी चिह्नित कर उन्हें शिक्षा की धारा से जोड़ा जाएगा।
दो चरणों में होगा परिवार सर्वेक्षण आउट ऑफ स्कूल सर्वे कराने के छह लाख 91 हजार 690 रुपए खर्च किए जाएंगे। जिले में 1815 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। सर्वे प्रपत्र की छायाप्रति उपलब्ध कराने के लिए प्रति विद्यालय में 326 रुपये के हिसाब से पांच लाख 91 हजार 690 रुपए तथा बीटीसी प्रशिक्षुओं को प्रोत्साहन राशि के लिए एक लाख रुपए निर्गत कर दिया गया है। परिवार सर्वेक्षण दो चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण 17 जून से 15 जुलाई तक चल रहा है। दूसरा चरण एक अगस्त से 31 अगस्त तक कराया जाएगा।