फोटो-3-बलरामपुर के गैसड़ी क्षेत्र में सूखी पड़ी नहर।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
गैसड़ी (बलरामपुर)। विभागीय अधिकारी सरकार के मंसूबों पर पानी फेर रहे हैं। सरकार के तमाम फरमान के बाद भी लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों की लापरवाही का ताजा उदाहरण गैसड़ी ब्लॉक में चालू की गई नहर का है। नहर में पानी न होने से क्षेत्रीय किसानों के खेतों में लगी गन्ने की फसल सिंचाई न होने से सूख रही है। हार्ड एरिया में जल संकट से क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को पत्र भेजकर नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
क्षेत्रवासी नीरज कुमार मौर्य, शाहिद हसन खान, इम्तियाज, अरशद खान, हरीश कुमार मिश्र आदि ने डीएम को भेजे गए पत्र में कहा है कि सरयू नहर परियोजना का उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है। गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण किया था। इस परियोजना से कई जिले के लोगों को सिंचाई के संकट से निजात मिलने की उम्मीद थी। मगर विभागीय अधिकारी प्रधानमंत्री के मंसूबों पर पानी फेर रहे हैं।
गैसड़ी क्षेत्र में सरयू नहर में पानी न होने से क्षेत्र के किसानों की गन्ने की फसल भीषण गर्मी के चलते सूख रही है। साथी, ठकुरापुर, विशुनपुर कला, पुरैना, चैपुरवा, रमईपुर, हल्लौरा व बदलपुर सहित क्षेत्र के तमाम गांवों में हार्ड एरिया होने के चलते पानी का संकट गहरा गया है। नहर में पानी न होने से गन्ने की सिंचाई के साथ जीव-जंतुओं को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इन लोगों ने डीएम से मांग की है कि सरयू नहर परियोजना की नहर में पानी छोड़ा जाए, ताकि लोगों को लाभ मिल सके।