बलरामपुर। ठंडी बर्फीली हवा के कारण हाड़ कंपा रही ठंड गरीबों की दुश्वारियां बढ़ा रही है। बीते 10 दिनों से जारी ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए प्रशासन की तरफ से जलाए जा रहे अलाव भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशन इत्यादि पर अलाव न जलने से लोग ठंड से बचने के लिए लोगों को खुद ही कागज व पुराने टायर ट्यूब जलाकर आग की तपिश का इंतजाम करना पड़ रहा है।
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। नगर के झारखंडी व बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठिठुर-ठिठुर कर ट्रेनों के इंतजार में रात बिताना पड़ रही है। कमोबेश ऐसा ही हाल पचपेड़वा, गैसड़ी, तुलसीपुर व कौवापुर रेलवे व बस स्टेशन का भी है। उधर, एडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए जिले की तीनों तहसीलों में गरीबों व जरूरतमंदों को बंटवाने के लिए 48 सौ कंबलों की व्यवस्था की जा चुकी है। साथ ही सभी एसडीएम को चिह्नित सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने का निर्देश भी दिया गया है।