देहात (बलरामपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के चक्कवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर छुट्टा जानवर से बाइक सवार टकरा गया। बाइक चालक की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली विद्या सागर वर्मा ने सोमवार को बताया कि थाना महराजगंज तराई के फाजिलडीह निवासी हरिश्चंद्र द्विवेदी की पत्नी सरोज (40) अपने बेटे सचिन के साथ बाइक से बलरामपुर जा रही थी। नेशनल हाईवे पर चक्कवा गांव के पास छुट्टा जानवर आ जाने से सचिन की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह मवेशियों से टकरा गई। घटना में मां और बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सचिन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। सचिन की मां सरोज का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। (संवाद)