बलरामपुर। नौनिहालों का भविष्य संवारने वाला बेसिक व माध्यमिक विभाग खुद लाचार पड़ा है। विभाग को चलाने के लिए उधारी के बाबू का सहारा लेना पड़ रहा है। बेसिक में सबसे महत्वपूर्ण वित्त एवं लेखाधिकारी का पद भी रिक्त चल रहा है। अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी के चलते तमाम काम लटके पड़े हैं। जिला समन्वयकाें एवं इंटर कॉलेज में तैनात कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है।
आकांक्षी जिले में कर्मचारियों की कमी सरकारी योजनाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में वित्त एवं लिखाधिकारी, लेखाकार, कनिष्ठ सम्प्रेक्षक, वरिष्ठ सम्प्रेक्षक, लिपिक कनिष्ठ सहायक एवं टंकण लिपिक जैसे पद रिक्त पड़े हैं। बीएसए कार्यालय में कुल 11 पद सृजत हैं जिनमें से मात्र चार कर्मचारियों की ही तैनाती है। बीते माह वित्त एवं लेखाधिकारी का प्रमोशन हो जाने के कारण उनका स्थानान्तरण हमीरपुर हो गया है। वित्त एवं लेखा अधिकारी का पद रिक्त होने से कर्मचारियों व शिक्षकों का वेतन निर्गत करने में परेशानी हो रही है। शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन किया तब जाकर उन्हें मानदेय दिया गया। इसी तरह इंटर कॉलेजों में तैनात शिक्षकों को करीब 18 दिन के बाद वेतन दिया जा सका है। दूसरी तरफ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, सहायक लेखाकार जैसे पद रिक्त होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। इंटर कॉलेजों में तैनात बाबुओं को डीआईओएस कार्यालय से संबद्ध कर उनसे काम लिया जा रहा है।
बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की स्थिति
पदनाम - स्वीकृत पद -रिक्त पद
वित्त एवं लेखाधिकारी-01-00
लेखाकार-04-00
सहायक लेखाकार-01-01
कनिष्ठ सम्प्रेक्षक -01-00
वरिष्ठ सम्प्रेक्षक-01-00
लिपिक, कनिष्ठ सहायक, टंकी लिपिक-10-02
शासन को लिखा गया है पत्र
बेसिक व माध्यमिक सहित अन्य विभागों में खाली पड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के पदों पर तैनाती के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। आकांक्षी जनपद में कर्मचारियों की कमी से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। शासन को पुन: पत्र भेजकर शीघ्र कर्मचारियों की तैनाती की मांग की जाएगी।
अरविंद सिंह, डीएम