बलरामपुर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की भर्ती के लिए आवेदक अभिलेखों का सत्यापन कराने में जुट रहे हैं। बाल विकास परियोजना कार्यालय पर आवेदकों की भारी भीड़ जुट रही है। ऑनलाइन आवेदन के बाद अब अभिलेखों का सत्यापन शुरू हो गया है। 20 नवंबर तक आवेदकों के अपने अभिलेखों का सत्यापन करा लेना है।
जिले के 9 विकास खंडों व नगर पालिका परिषद बलरामपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 576 व सहायिका के 584 पदों पर भर्ती होनी है। आवेदन के लिए शहरी क्षेत्रों में 56460 रुपए व ग्रामीण क्षेत्र के लिए 46080 रुपये वार्षिक आय वाले परिवार की महिलाओं ने आवेदन किया है।
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को विशेष वरीयता दी गई है। जिन आवेदकों ने 11 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर लिया है उनके अभिलेखों का सत्यापन शुरु कर दिया गया है। सीडीपीओ कार्यालय पर आवेदकों की भीड़ जुट रही है।
आवेदन के समय शैक्षिक योग्यता, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार, दिव्यांग व निराश्रित महिला का वितरण ऑनलाइन दर्ज किया गया था। ऑनलाइन प्रविष्टियों के सत्यापन के लिए बाल विकास परियोजना कार्यालय पर इन अभिलेखों की छायाप्रति आवेदन के प्रिंट आउट के साथ जमा कराई जा रही है।
सीडीपीओ राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि बाल विकास परियोजना कार्यालय देहात में अरुण कुमार तथा शहर में सहायक संजय सिंह आवेदकों की फाइल एकत्र कर रहे हैं। 20 नवंबर तक अभिलेख जमा कराए जाएंगे। सत्यापन के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।