बलरामपुर। विद्युत उपकेंद्र तुलसीपुर में मंगलवार रात विद्युत आपूर्ति बाधित होने से नाराज एसडीएम ने जेई व अन्य कर्मियों को कमरे में बंद कर पीटा था। बुधवार शाम जेई संतोष मौर्य ने तुलसीपुर थाने में तहरीर देकर एसडीएम व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम ने एसडीएम को मुख्यालय से संबद्ध करते हुए मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
गुरुवार को अधीक्षण अभियंता ललित कुमार, एक्सईएन बाल कृष्ण व एसडीओ विमलेंद्र कुमार आदि ने डीएम से मुलाकात कर घटना का सीसीटीवी फुटेज दिखाया। फुटेज में एसडीएम व उनके सहयोगी पुलिस कर्मी मारपीट करते हुए साफ-साफ दिख रहे थे। विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति ने डीएम से कहा कि यदि 16 सितंबर तक कार्रवाई न हुई तो कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देंगे।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम श्रुति ने एसडीएम तुलसीपुर विनोद सिंह को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। टीम में एडीएम अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद मिश्र व अधीक्षण अभियंता विद्युत ललित कुमार को नियुक्त किया गया है। टीम की जांच रिपोर्ट के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।