बलरामपुर। शिक्षकों को वार्षिक गोपनीय आख्या के नाम पर प्रताड़ित न किया जाए। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरा कराया जाए। जिला स्तरीय तबादला प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
यह बातें बीते दिन महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन बीएसए डा. रामचन्द्र को सौंपते हुए विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान ने कही।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग किया है कि गोपनीय आख्या के नाम पर शिक्षकों का उत्पीड़न किया जाता है इस प्रक्रिया को तत्काल समाप्त किया जाए। विद्यालयों में आपरेशन कायाकल्प के तहत जिन कार्यों को ग्राम पंचायत की तरफ से कराया जाना है उसके लिए शिक्षकों को उत्तरदायी न मानते हुए सीधे पंचायत विभाग को ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य योजना बनाकर कार्य के लिए निर्देशित किया जाए।
विद्युत संयोजन के लिए जिला स्तर पर विद्यालयों की सूची बनाकर सीधे विद्युत विभाग से ही विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण कराया जाए। शिक्षकों का लंबित एरियर व वेतन तथा रसोईयों का बकाया मानदेय का भुगतान तत्काल कराया जाए। ज्ञापन सौंपते समय जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ल, विनोद चौहान व तुलाराम गिरि आदि मौजूद रहे।