फोटो-1-बलरामपुर के विलरिया गांव के पास गड्ढे में गिरी कार।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
पेहर बाजार (बलरामपुर)। अनियंत्रित कर अचानक 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। घटना में कार पर सवार एक व्यक्ति घायल हो गया और चालक बाल-बाल बच गया है। सड़क व पुल निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्थाओं के लापरवाही का खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। निर्माणाधीन पुल पर दीवाल व शाइन बोर्ड न होने से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। आठ माह से पुल खोदकर कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार गायब हैं। लोगों ने समस्या निस्तारण कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग डीएम से की है।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के शहियापुर निवासी राजकुमार यादव ने बीते दिन बताया कि वह अपनी कार से लखनऊ से आ रहे परिवार को लेने के लिए रेहरा बाजार की तरफ उतरौला-मनकापुर रोड पर जा रहे थे। तभी विलरिया गांव के पास उतरौला-मनकापुर सड़क पर अचानक पुल निर्माण के लिए खोदे गए 20 फीट गहरे गड्ढे में कार के साथ अचानक गिर गए।
रात के समय अंधेरा होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दिया। कार का एयर बैग खुलने के कारण चालक बाल-बाल बच गया। कार पर सवार शिवदास यादव चोटिल हो गए। शिवदास को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवदास को घर भेज दिया गया। क्षेत्रवासियों ने आरोप है कि उतरौला-मनकापुर रोड पर विलरिया गांव के पास पुल का निर्माण पिछले छह माह से कराया जा रहा है।
निर्माणाधीन पुल के पास शाइन बोर्ड व बैरिकेडिंग न होने से आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इसी स्थल से 200 मीटर की दूरी पर कुछ दिन पहले दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो चुकी, और कई लोग घायल हो चुके हैं। लोगों ने डीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उतरौला एसडीएम संतोष कुमार ओझा ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।